कुवैत की इमारत में लगी आग ने 45 भारतीयों की ले लीं जान
नई दिल्ली। कुवैत की एक इमारत में बुधवार को लगी आग ने 45 भारतीयों की जानें ले लीं। आग इतनी भयावह थी कि धुएं के गुबार में जान बचाने के लिए कोई उपाय न दिखने पर कई लोगों ने मजबूरी में इमारत से छलांग लगा दी थी। अब हादसे में मारे गए भारतीयों के शरीर को लेकर भारतीय वायुसेना का एक विशेष विमान शुक्रवार सुबह कोच्चि पहुंच गया है। साथ में राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह भी मौजूद हैं। मृतकों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए भारत वापस लाया गया है।
कई घरों के चिरागों को आग ने छीन लिया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंजीनियर, ड्राइवर, सुपरवाइजर और अन्य क्षेत्रों में काम करने वाले पीड़ित अपने घरों का खर्चा चला रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाले ज्यादातर केरल (23) से हैं। इसके बाद तमिलनाडु से सात, आंध्र प्रदेश में तीन, उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा से दो-दो और बंगाल, बिहार, पंजाब, कर्नाटक, महाराष्ट्र और हरियाणा से एक-एक हैं, जिनकी मौत हुई है।